नोएडा में शादी से इनकार पर सनकी प्रेमी बना हैवान, गर्लफ्रेंड के परिवार पर बरसाए चाकू, माँ की मौत तीन घायल
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
नोएडा के हरौला गांव में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शादी से इनकार से नाराज युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां और पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के मुताबिक बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा परिवार के साथ हरौला गांव के बी-ब्लॉक में किराए पर रहते हैं। परिवार में पत्नी संजू देवी और बेटियां ज्योति व जूली हैं। बताया जा रहा है कि बरेली निवासी हरिराम यादव का ज्योति से प्रेम प्रसंग था। आरोपी लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था।
छत पर सो रहे परिवार पर किया हमला
जानकारी के अनुसार शनिवार रात परिवार मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी चाकू लेकर वहां पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय संजू देवी को कई बार चाकू मारा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ज्योति के सीने में चाकू लगा, जबकि उसकी बहन जूली के पैर में गंभीर चोट आई। पिता सुरेंद्र शर्मा भी हमले में घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी करता था झगड़ा और मारपीट
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी हरिराम लंबे समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले कहीं और शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने वह रिश्ता भी तुड़वा दिया था।
पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अक्सर ज्योति से झगड़ा और मारपीट करता था। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। कुछ समय पहले उसने अपना कमरा भी बदल लिया था और वहां से अपना अधिकतर सामान हटा लिया था।
200 परिवारों में दहशत, पुलिस तलाश में जुटी
जिस चार मंजिला बिल्डिंग में यह वारदात हुई, उसमें करीब 200 परिवार रहते हैं। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। नोएडा की एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार से जुड़ा सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हत्या और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






