नोएडा सेक्टर-73 में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया, डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों को बताए फिट रहने के उपाय

top-news
नोएडा के सेक्टर-73 में स्वास्थ्य और स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य, सही पोस्चर और हीट वेव से बचाव के उपाय बताए।

नोएडा के सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में रविवार को स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। आईकेयर नोएडा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के निदेशक, फिजियोथेरेपिस्ट और एर्गोनोमिस्ट डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों को स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. महिपाल सिंह ने आरएसआई यानी रिपीटेटिव स्ट्रेन इंजरी, पोस्चरल करेक्शन, मानसिक स्वास्थ्य और हीट वेव से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंसान के बोलने का तरीका, व्यवहार और मानसिक स्थिति भी उसकी शारीरिक सेहत को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि शरीर में हल्का दर्द, चिड़चिड़ापन या किसी प्रकार का असंतुलन आने पर व्यक्ति के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगता है। इसका असर सिर्फ व्यक्ति पर ही नहीं बल्कि उसके परिवार और आसपास के लोगों पर भी पड़ता है। उन्होंने समझाया कि शरीर, दिमाग और मन तीनों एक-दूसरे से जुड़े होते हैं और मानसिक तनाव बढ़ने पर व्यक्ति अकेलापन महसूस करने लगता है।


गलत पोस्चर और तनाव से बचने की सलाह

डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों को सही पोस्चर अपनाने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और लगातार स्क्रीन पर काम करने की आदत शरीर और दिमाग दोनों को प्रभावित कर रही है। ऐसे में सही तरीके से बैठना, काम करना और समय-समय पर शरीर को आराम देना बेहद जरूरी है। उन्होंने हीट वेव से बचाव के उपाय भी बताए और कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना, हल्का भोजन करना और धूप से बचाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने पर जीवन के अन्य कार्य भी बेहतर तरीके से किए जा सकते हैं।


स्वच्छता अभियान और पौधारोपण भी किया गया

कार्यक्रम में ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। इस दौरान सोसाइटी के निवासियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और पौधारोपण किया। इसके अलावा फर्स्ट रिहैब फाउंडेशन के बच्चों द्वारा तैयार किए गए हैंडवॉश, सैनिटाइज़र और साबुन का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *