नोएडा में जून से दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक एसी बसें, प्राधिकरण ने परिवहन निगम के साथ एमओयू करने का लिया फैसला

top-news
नोएडा में जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक एसी सिटी बसों का संचालन शुरू होगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के साथ समझौते के बाद पहले चरण की बसें 10 जून से पहले सड़कों पर उतर सकती हैं।

नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में जल्द ही इलेक्ट्रिक एसी सिटी बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के साथ समझौता कर दो चरणों में 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी तेज कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि पहले चरण की बसें 10 जून से पहले सड़कों पर उतर जाएंगी। लंबे समय से शहर में बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की मांग उठ रही थी, जिसे देखते हुए यह योजना तैयार की गई है। नई बस सेवा शुरू होने से सेक्टरों और प्रमुख मार्गों पर लोगों को राहत मिलेगी और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।


निजी कंपनियों से सस्ता पड़ा परिवहन निगम का प्रस्ताव

नोएडा प्राधिकरण और निजी कंपनियों की ओर से 100-100 इलेक्ट्रिक एसी बसें चलाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। समीक्षा के दौरान पाया गया कि निजी कंपनियों के मुकाबले उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का मॉडल काफी सस्ता और व्यवहारिक है। निजी कंपनियों के प्रस्ताव में हर महीने किराया और वायबिलिटी गैप फंड के रूप में करीब 2.18 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था। वहीं परिवहन निगम ने यही खर्च लगभग 1.19 करोड़ रुपये बताया। इस तरह निजी कंपनियों का मॉडल करीब 83 प्रतिशत ज्यादा महंगा साबित हुआ। इसके अलावा निजी कंपनियों ने सेवा शुरू करने के लिए तीन से चार महीने का समय मांगा था, जबकि परिवहन निगम ने जून के पहले पखवाड़े में ही बसें उतारने की तैयारी दिखाई।


6 और 9 मीटर लंबाई की होंगी बसें

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि शहर की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक को देखते हुए आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए 6 मीटर और 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक एसी बसें चलाई जाएंगी। इन बसों से सेक्टरों, आवासीय इलाकों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रदेश के कई बड़े शहरों में पहले से सिटी बस सेवा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। गाजियाबाद में 50, जबकि कानपुर और लखनऊ में 100-100 सिटी बसें चल रही हैं। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, गोरखपुर और बरेली में भी इलेक्ट्रिक बस सेवा संचालित की जा रही है। अब नोएडा भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *