नोएडा की टूटी सड़कों से जल्द मिलेगी राहत, जून से शुरू होगा मरम्मत का काम
- Shiv Kumar
- 30 May, 2026
नोएडा | शहर की खराब और गड्ढों से भरी सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा प्राधिकरण ने जून के पहले सप्ताह से बड़े स्तर पर सड़क मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम शुरू करने की तैयारी कर ली है। प्राधिकरण का दावा है कि अगले दो महीनों में शहर की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को सुविधा मिलेगी।
बिटुमिन की कमी से रुका था काम
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक सड़क मरम्मत कार्य में देरी का सबसे बड़ा कारण बिटुमिन की कमी रही। उत्तर भारत में बिटुमिन की आपूर्ति मुख्य रूप से मथुरा स्थित रिफाइनरी से होती है। उत्पादन प्रभावित होने के कारण मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका था। शुक्रवार को प्राधिकरण ने बिटुमिन सप्लायरों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की। अधिकारियों का कहना है कि जून की शुरुआत में उत्पादन शुरू होने के बाद सामग्री की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
जुलाई तक प्रमुख सड़कें होंगी दुरुस्त
नोएडा प्राधिकरण का लक्ष्य है कि जून के पहले सप्ताह से तेजी के साथ सड़क मरम्मत अभियान शुरू किया जाए। शहर की मुख्य सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के साथ-साथ कई मार्गों की रिसर्फेसिंग भी की जाएगी। अगर सामग्री की आपूर्ति तय समय पर हो गई तो जुलाई के अंत तक अधिकांश प्रमुख सड़कें नई जैसी नजर आएंगी।
वाहन चालकों को मिल सकती है बड़ी राहत
बीते कई महीनों से शहर की कई सड़कें खराब हालत में हैं। गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम से पहले सड़कें दुरुस्त होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने कहा कि बिटुमिन उपलब्ध होते ही सभी तय परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






