नोएडा का ड्रीम गोल्फ कोर्स परियोजना में लगातार हो रही देरी, ठेकेदार की लापरवाही के चलते परियोजना की रफ्तार पड़ी धीमी
- Shiv Kumar
- 31 May, 2026
नोएडा प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी गोल्फ कोर्स परियोजना तय समय पर पूरी नहीं हो सकी है। सेक्टर-151 ए में विकसित किए जा रहे इस बड़े खेल परिसर का निर्माण कार्य वर्ष 2021 में शुरू हुआ था, लेकिन लगभग पांच साल बीतने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो पाई है। प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अब तक केवल 65 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो सका है। भूमि अधिग्रहण में आई बाधाएं और निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यप्रणाली को इसके पीछे प्रमुख कारण माना जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र खेल और पर्यटन गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है, लेकिन लगातार हो रही देरी से इसकी समयसीमा बार-बार आगे खिसक रही है।
132 करोड़ रुपये से अधिक की है परियोजना लागत
नोएडा प्राधिकरण के अनुसार गोल्फ कोर्स परियोजना करीब 113.87 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसका कुल क्षेत्रफल 4.60 लाख वर्गमीटर से अधिक है। इस परियोजना पर लगभग 132.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इसमें सिविल कार्यों के लिए सबसे अधिक राशि निर्धारित की गई है, जबकि विद्युत और उद्यान विकास कार्यों पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जाने हैं। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है, ताकि भविष्य में यह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों की मेजबानी कर सके। हालांकि निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण अभी तक इसका लाभ शहरवासियों को नहीं मिल सका है।
भूमि अधिग्रहण और ठेकेदार की लापरवाही बनी बाधा
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक परियोजना क्षेत्र की कुछ जमीनों का अधिग्रहण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ग्राम कामबक्शपुर और ग्राम झट्टा के कई खसरों की भूमि अभी भी अर्जित नहीं हो सकी है, जिसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा परियोजना में आवश्यक बदलावों और तकनीकी कारणों से भी काम की गति धीमी रही। अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया है कि निर्माण एजेंसी ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। इसी वजह से संबंधित संविदाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही उसे काली सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण का मानना है कि इन कारणों से परियोजना की समयसीमा काफी प्रभावित हुई है।
शेष काम पूरा करने के लिए आएगा नया टेंडर
गोल्फ कोर्स के बचे हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए प्राधिकरण अब नई निर्माण एजेंसी नियुक्त करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए अलग से निविदा प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया है। संबंधित आगणन को सक्षम स्तर से मंजूरी भी मिल चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि नई निविदा जारी होने और अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। प्राधिकरण की कोशिश है कि लंबे समय से अटकी इस परियोजना को जल्द पूरा कर शहर को एक आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






