नोएडा के ग्रेट वैल्यू शरणम सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से बढ़ी चिंता, हेलमेट पहनकर निकलने को मजबूर हुए रेजिडेंट्स

top-news
नोएडा के सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वैल्यू शरणम सोसाइटी में लगातार प्लास्टर गिरने की घटनाओं से निवासी दहशत में हैं। एक मेड के घायल होने के बाद लोग हेलमेट पहनकर निकलने लगे हैं। रेजिडेंट्स ने बिल्डर और प्राधिकरण से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वैल्यू शरणम सोसाइटी में इमारतों से प्लास्टर गिरने की लगातार घटनाओं को लेकर निवासियों में गहरा आक्रोश और चिंता है। इसी मुद्दे पर रविवार को सोसाइटी में रेजिडेंट्स की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और भवनों की खराब स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई निवासी अपनी सुरक्षा के लिए सोसाइटी परिसर में हेलमेट पहनकर आने-जाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बैठक में मौजूद निवासियों ने बिल्डर और संबंधित एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।


मेड घायल होने के बाद बढ़ी चिंता

निवासियों के अनुसार बीते मंगलवार को सोसाइटी में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका के सिर पर अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया था। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर में 19 टांके लगाने पड़े। इस घटना के बाद से सोसाइटी के लोगों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि टावरों की बाहरी दीवारों और छतों से लगातार प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। कई निवासियों ने बैठक के दौरान बताया कि वे अब खुले क्षेत्रों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरत रहे हैं और हेलमेट का इस्तेमाल कर रहे हैं।


मेंटेनेंस में लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग

रेजिडेंट्स का आरोप है कि वर्ष 2016 में सोसाइटी के हैंडओवर के बाद से भवनों के रखरखाव और मरम्मत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। समय-समय पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार नोएडा पुलिस और नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। रेजिडेंट्स ने प्राधिकरण से तत्काल तकनीकी जांच कराने और सोसाइटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *