नोएडा के होटल में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने 20 लोगों को दबोचा, 22 मोबाइल फोन और 1.62 लाख कैश बरामद
- Shiv Kumar
- 02 Jun, 2026
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े जुआ रैकेट का खुलासा करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सनराइज होटल में छापेमारी कर उन लोगों को पकड़ा, जो होटल के कमरे में हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 62 हजार 250 रुपये नकद, 160 ताश के पत्ते, 22 मोबाइल फोन, 7 दोपहिया वाहन और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले कई दिनों से होटल में कमरा बुक कर जुए का अड्डा चला रहे थे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजना बनाकर छापेमारी की और सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
10 दिनों से होटल में चल रहा था जुए का खेल
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-51 स्थित सनराइज होटल में कुछ लोगों द्वारा नियमित रूप से जुआ खेलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच में पता चला कि आरोपी पिछले करीब 10 दिनों से होटल के कमरे किराये पर लेकर जुआ खेल रहे थे। सभी लोग अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचते थे और कमरे के अंदर हार-जीत की बाजी लगाते थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान बरामद किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, बुलंदशहर, बिहार, मध्यप्रदेश और झारखंड के निवासी शामिल हैं।
होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस अब इस पूरे मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि होटल प्रबंधक को जुए की गतिविधियों की जानकारी थी। इसी आधार पर पुलिस होटल स्टाफ और प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में पुष्कर पोरवाल, अजमेरी खान, अमित, सचिन गुप्ता, मनोज कुमार, मोहम्मद शमीम, चंदन, कपिल शर्मा, राहुल, मोहम्मद जफरूल, पवन, मुकेश, शुभम, राकेश कुमार, विक्रम सिंह, गजेंद्र, पवन मुंडा, नदीम, नितिन और सूरज शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






