नोएडा के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, फायर टीम ने 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

top-news
नोएडा के सेक्टर-52 स्थित रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। फायर विभाग ने तीन टीम बनाकर रेस्क्यू अभियान चलाया और 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। चार दमकल गाड़ियों की मदद से आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।

नोएडा के सेक्टर-52 स्थित एक कॉम्प्लेक्स में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ग्राउंड फ्लोर पर बने एक रेस्टोरेंट में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में धुआं फैल गया और ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग फंस गए। सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


तीन टीम बनाकर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि शाम करीब पौने आठ बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचते ही फायर विभाग ने तीन अलग-अलग टीमें बनाई। एक टीम को आग बुझाने, दूसरी को रेस्क्यू और तीसरी को सर्च ऑपरेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई। फायरकर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर और फायर सूट पहनकर धुएं से भरे परिसर में दाखिल हुए और ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग ग्राउंड फ्लोर पर होने के कारण धुआं तेजी से ऊपर पहुंच गया था, जिससे लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत हो रही थी। हालांकि समय रहते शुरू किए गए अभियान से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


चार दमकल गाड़ियों की मदद से पाया गया आग पर काबू

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियों को लगाया गया। इसके अलावा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी मौके पर मंगवाया गया ताकि जरूरत पड़ने पर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा जा सके। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर विभाग ने बताया कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग बुझाने के बाद धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट सिस्टम का उपयोग किया गया। एहतियात के तौर पर पूरे भवन में दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *