नोएडा में मोबाइल चोरी गैंग का भंडाफोड़, 67 फोन और लैपटॉप बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 06 Jun, 2026
नोएडा में थाना फेस-1 पुलिस ने मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है, जिससे इलाके में लंबे समय से सक्रिय इस गैंग का खुलासा हुआ है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली-एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाते थे। गिरोह का तरीका बेहद चालाकी भरा था। एक बाल अपचारी सड़क पर चलती गाड़ी के सामने आकर चोट लगने का नाटक करता था, जिससे वाहन चालक ध्यान भटक जाता था। इसी दौरान उसका साथी मौके का फायदा उठाकर वाहन से मोबाइल चोरी कर लेता था। इसके अलावा यह गिरोह राहगीरों से मोबाइल छीनने, जेब काटने और पीजी व बंद मकानों में चोरी जैसी वारदातों में भी शामिल था।
67 मोबाइल और उपकरण बरामद, लाखों का माल जब्त
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान पवन (40) और गोलू (20), निवासी नया बांस गांव थाना फेस-1 के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी से इन्हें गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से 67 मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, मोबाइल फोल्डर, अनलॉक करने के उपकरण और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
मोबाइल तोड़कर बेचते थे पार्ट्स
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन को पहले सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। जो फोन बिक नहीं पाते थे, उन्हें लैपटॉप और खास उपकरणों की मदद से अनलॉक कर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच दिए जाते थे। इससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल आरोपी अपनी मौज-मस्ती और व्यक्तिगत खर्चों में करते थे।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






