ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से युवक की मौत मामला, मेंटेनेंस इंचार्ज गिरफ्तार, बिल्डर पर FIR दर्ज
- Shiv Kumar
- 08 Jun, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अम्बर सोसाइटी में बिल्डिंग से प्लास्टर गिरने से हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिसरख पुलिस ने मेंटेनेंस इंचार्ज को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में 40 वर्षीय विकास चावला की जान चली गई थी। पुलिस ने बिल्डर और मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक से जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
शनिवार शाम बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अम्बर सोसाइटी में विकास चावला बाइक से सोसाइटी परिसर के भीतर जा रहे थे। इसी दौरान बिल्डिंग से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर उनके सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक पास की दीवार से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
मेंटेनेंस इंचार्ज पर गिरी गाज
मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर बिसरख पुलिस ने बिल्डर और मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक कुमार की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत लापरवाही से मृत्यु कारित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि भवन के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की भी गहन जांच की जा रही है।
पहले भी उठ चुके थे मरम्मत के मुद्दे
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष तुषार ने बताया कि भवन की मरम्मत को लेकर लंबे समय से बिल्डर और एओए के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि अदालत के निर्देशों के बावजूद आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर नहीं कराया गया। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी कई बार पत्र भेजे गए थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हादसे के लिए किस स्तर पर लापरवाही हुई और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या रही। मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






