नोएडा में बाल पहलवानों का दमखम, सौहरखा अखाड़े में 150 सब-जूनियर खिलाड़ियों ने दिखाए दांव-पेंच, मोबाइल छोड़ मिट्टी से जुड़ने का संदेश
- Shiv Kumar
- 08 Jun, 2026
नोएडा के सौहरखा गांव स्थित खेल मैदान के कुश्ती अखाड़े में 'काउन्टी फाउंडेशन' के सौजन्य से बाल कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल फोन की बढ़ती लत से दूर कर खेलकूद और पारंपरिक ग्रामीण खेलों की ओर आकर्षित करना रहा। गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित इस प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग के करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लिया और मिट्टी के अखाड़े में शानदार मुकाबले पेश किए। नन्हे पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच से दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।
बाल पहलवानों ने दिखाई शानदार प्रतिभा
प्रतियोगिता में बच्चों को उनके वजन के अनुसार अलग-अलग वर्गों में मुकाबले के लिए उतारा गया। अखाड़े में हुई करीब 150 कुश्तियों में युवा पहलवानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान बच्चों का आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण देखने लायक रहा। विजेता और प्रतिभागी सभी बच्चों को काउन्टी फाउंडेशन की ओर से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जोड़ने का संदेश देना था।
खेल के साथ शिक्षा भी जरूरी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजीत यादव और एडवोकेट नितेश यादव मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया। डॉ. अजीत यादव ने कहा कि स्वस्थ खिलाड़ी ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने बच्चों में भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की झलक दिखाई देने की बात कही। वहीं एडवोकेट नितेश यादव ने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास देता है, जबकि शिक्षा भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाती है।
मोबाइल से दूर, खेलों से जुड़ने का संदेश
आयोजन को सफल बनाने में काउन्टी फाउंडेशन के सुनील दिधिचि, अखाड़ा संचालक एवं एनआईएस कोच इन्द्रजीत पहलवान, रवि यादव, दिनेश पहलवान, जतन पहलवान, अंकित पहलवान, मिंटू पहलवान, रिजवान पहलवान और मनोज शर्मा सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प लेते हुए बच्चों को मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेलों से जोड़ने की बात कही।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






