नोएडा सेक्टर-55 में सड़क किनारे खड़ी कारों में लगी भीषण आग, कई वाहन क्षतिग्रस्त
- Shiv Kumar
- 10 Jun, 2026
नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-55 में मंगलवार को सड़क किनारे खड़ी कारों में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई वाहन आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे लगे बिजली के तारों से अचानक चिंगारी और आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग पास में खड़ी कारों तक पहुंच गई और कुछ ही मिनटों में कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
घटना के बाद सेक्टर के लोगों और आरडब्ल्यूए ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली लाइन के कनेक्शन ढीले होने के कारण यह हादसा हुआ। समय रहते लाइन की मरम्मत और रखरखाव किया जाता तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
आरडब्ल्यूए ने मुआवजे की मांग की
सेक्टर-55 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों की कारें आग में क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग को अपने सिस्टम की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करना चाहिए।
फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण बिजली लाइन में तकनीकी खराबी और ढीले कनेक्शन को माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






