सेक्टर-66 में गंदगी का अंबार, यूनियन बैंक के पास खुले में कूड़ा डाले जाने से फैली बदबू, स्थानीय लोग नाराज
- Shiv Kumar
- 19 Jun, 2026
नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में खुले में कूड़ा डाले जाने की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। यूनियन बैंक के सामने गली नंबर-1 के पास लगातार जमा हो रहे कूड़े के ढेर ने इलाके का माहौल खराब कर दिया है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
रिहायशी इलाके के पास कूड़े का ढेर, स्वास्थ्य पर खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर कूड़ा डाला जा रहा है, वह पूरी तरह रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र के बीच में है। यहां आसपास घर, ऑफिस और दुकानें मौजूद हैं। कूड़े के ढेर से लगातार बदबू फैल रही है और मच्छर व संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि सड़क से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। निवासियों ने आरोप लगाया कि यह पूरा इलाका धीरे-धीरे अवैध डंपिंग जोन में बदलता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं, लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत प्राधिकरण से की है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है, जबकि जमीन पर हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। इसी वजह से लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। निवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कूड़े की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। अब बड़ा सवाल यह है कि स्वच्छता के बड़े-बड़े दावों के बीच मामूरा गांव जैसे इलाकों की यह समस्या आखिर कब खत्म होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






