नोएडा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 21 किलो नशीला पदार्थ बरामद, सप्लाई देने आए 5 आरोपी गिरफ्तार

top-news
नोएडा पुलिस ने सेक्टर-17 के पास कार्रवाई करते हुए 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की है और पूरे नेटवर्क की जांच के साथ फरार महिला आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस और सीआरटी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों के कब्जे से 21 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की है। यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर डीएनडी रोड स्थित सेक्टर-17 के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान, मनोज कुमार, प्रकाश शाह, मोहम्मद फिरोज और पप्पू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।


उड़ीसा से मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में करते थे सप्लाई

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उड़ीसा से बड़ी मात्रा में गांजा मंगाकर दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में उसकी सप्लाई करते थे। जांच में एक महिला नूरी का नाम भी सामने आया है, जिसे इस नेटवर्क का अहम सदस्य बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।


एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई शुरू

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामद गांजा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना सेक्टर-20 में सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *