करोड़ों के फ्लैट में सुरक्षा पर सवाल, नोएडा की गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में बेडरूम की छत का प्लास्टर गिरा, जांच की मांग उठी

top-news
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसायटी में एक फ्लैट के बेडरूम की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे से कुछ मिनट पहले व्यक्ति कमरे से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद निवासियों ने पूरे परिसर के स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग की है।

गौतमबुद्ध नगर की हाईराइज सोसायटियों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा के बाद अब नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसायटी में एक फ्लैट के बेडरूम की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही कमरे में मौजूद व्यक्ति बाहर निकल गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पूरे परिसर का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग उठाई है।


बेड से उठने के कुछ मिनट बाद गिरी छत

यह घटना गार्डेनिया गेटवे सोसायटी के टावर C-2 स्थित फ्लैट नंबर-1814 में हुई। जानकारी के अनुसार, बेडरूम की छत का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। जिस समय हादसा हुआ, उससे कुछ मिनट पहले ही कमरे में मौजूद व्यक्ति बिस्तर से उठकर बाहर गया था। यदि वह कमरे में मौजूद होता तो गंभीर चोट लग सकती थी। फ्लैट के मालिक राकेश खोकर हैं, जिन्होंने यह फ्लैट किराए पर दे रखा है।


सिर्फ मरम्मत नहीं, पूरे परिसर के स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद बिल्डर की ओर से मरम्मत के लिए कर्मचारियों को भेजा गया, लेकिन सोसायटी के निवासियों ने केवल एक फ्लैट की मरम्मत कराने का विरोध किया। उनका कहना है कि यह किसी एक फ्लैट की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिसर की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। निवासियों ने मांग की कि सभी टावरों का स्वतंत्र स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाए, ताकि निर्माण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर उठे सवाल

निवासियों का आरोप है कि पिछले कुछ समय में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई सोसायटियों में प्लास्टर और छत गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसका खामियाजा अब लोग भुगत रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर साल किराया बढ़ाया जाता है, लेकिन फ्लैटों के रखरखाव और सुरक्षा पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने बिल्डर और संबंधित एजेंसियों से इस मामले में जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *