नोएडा में शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 54 लाख की ठगी, व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़कर बनाया शिकार

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शेयर बाजार में दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लोगों से 54 लाख रुपये ठग लिए। फर्जी ऐप और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ठगी की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 घर बैठे शेयर बाजार से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा की महिला समेत दो लोगों से कुल 54 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फर्जी निवेश ऐप और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पहले भरोसा जीतकर मुनाफा दिखाया, फिर बड़ी रकम निवेश कराकर संपर्क तोड़ दिया। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


नोएडा के कर्मचारी से 33 लाख रुपये की ठगी

सेक्टर-58 निवासी राजेश कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और शेयर बाजार में निवेश करते हैं। शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में उन्हें व्हाट्सएप के जरिए अंकिता और स्नेहा अग्रवाल नाम से संपर्क किया गया। आरोपियों ने टीसीएस कैपिटल ग्रुप में निवेश करने पर दोगुना मुनाफा देने का दावा किया और एक ऐप डाउनलोड कराई। शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद उन्होंने 8 अगस्त 2025 तक करीब 33 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने संपर्क समाप्त कर दिया।


ग्रेटर नोएडा की महिला से 21 लाख रुपये ठगे

दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी गृहिणी दीप्ति को जून 2025 में व्हाट्सएप पर शेयर बाजार में निवेश का प्रस्ताव मिला। ठगों ने उन्हें एक स्टॉक निवेश ग्रुप में जोड़कर फर्जी ऐप डाउनलोड कराई और 27 जून तक करीब 21 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। बाद में जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *