नोएडा में जल्द शुरू होंगे दो नए स्ट्रीट फूड जोन, बोटेनिकल गार्डन से GIP तक 22 क्योस्क तैयार, कंपनी संभालेगी संचालन
- Shiv Kumar
- 20 Jul, 2026
नोएडा के लोगों को जल्द ही घूमने-फिरने, स्ट्रीट फूड का स्वाद लेने और परिवार व दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दो नए हैंगआउट जोन मिलने वाले हैं। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल और बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच आधुनिक स्ट्रीट मार्केट तैयार की है। वहीं, स्काईमार्क के पास 'नोएडा-6' नाम से नया फूड और मनोरंजन हब भी विकसित किया गया है। दोनों परियोजनाओं के संचालन के लिए निजी कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन दोनों स्थानों को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
जीआईपी मॉल के पास बने 22 कियोस्क, खरीदारी के साथ मिलेगा फूड का आनंद
सेक्टर-38ए स्थित जीआईपी मॉल और बॉटनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच विकसित स्ट्रीट मार्केट में 22 छोटे-बड़े कियोस्क बनाए गए हैं। यहां खाने-पीने, खरीदारी और लोगों के बैठने जैसी आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य इस स्थान को ऐसा आकर्षक सार्वजनिक स्थल बनाना है, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के साथ स्थानीय स्ट्रीट फूड और अन्य गतिविधियों का आनंद ले सकें।
'नोएडा-6' बनेगा नया फूड डेस्टिनेशन, निजी कंपनी संभालेगी संचालन
स्काईमार्क के पास विकसित 'नोएडा-6' को इंदौर के प्रसिद्ध '56 मार्केट' की तर्ज पर तैयार किया गया है। यहां छह फूड कियोस्क बनाए गए हैं, जहां विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के आउटलेट संचालित होंगे। लोगों की सुविधा के लिए 100 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग भी विकसित की गई है। इस परियोजना पर लगभग 2.23 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। नोएडा प्राधिकरण दोनों परियोजनाओं के संचालन के लिए निजी कंपनी का चयन करेगा। चयनित एजेंसी कियोस्क का आवंटन करेगी और इसके बदले प्राधिकरण को मासिक किराया देगी, जिससे नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






