12 साल तक वफादारी निभाने वाला चालक निकला चोर, मालिक के 9 लाख लेकर फरार, नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार

top-news
नोएडा में 12 साल से नौकरी कर रहे चालक ने मालिक के 9 लाख रुपये चोरी कर फरार होने की कोशिश की। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरी नकदी और एक अवैध चाकू बरामद कर लिया। मामले में चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

नोएडा में 12 साल से एक परिवार के यहां चालक के रूप में काम कर रहे युवक ने भरोसे को तोड़ते हुए मालिक के 9 लाख रुपये लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पैसों से भरा बैग देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, लेकिन थाना सेक्टर-20 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पूरी 9 लाख रुपये की नकदी और एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है। मामले की जानकारी एडीसीपी मनीषा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।


मालिक के पैसों से भरा बैग देखकर बदली नीयत

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चालक कपिल पिछले करीब 12 वर्षों से पीड़ित परिवार के यहां नौकरी कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर मालिक के पैसों से भरे बैग पर पड़ी और उसने मौका पाकर 9 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दीं।


लाल पैथ लैब के सामने पार्क से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कपिल को लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 500-500 रुपये की 15 गड्डियां और 100-100 रुपये की 15 गड्डियां समेत कुल 9 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी मिला। पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *