नोएडा में थाने के बाहर महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा, भाई पर फॉर्च्यूनर कार कब्जाने का आरोप लगाया, किया प्रदर्शन

top-news
नोएडा के थाना-113 के बाहर फॉर्च्यूनर कार के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हो गया। महिला ने भाई पर कार कब्जाने का आरोप लगाया, जबकि भाई ने कार बेचने का दावा किया। पुलिस दस्तावेजों की जांच कर मामले की पड़ताल कर रही है।

नोएडा के थाना-113 के बाहर सोमवार को फॉर्च्यूनर एसयूवी के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई और विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के दौरान महिला कार के पीछे सड़क पर बैठकर विरोध करती नजर आई, जबकि मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।


महिला ने भाई पर कार कब्जाने का लगाया आरोप

गाजियाबाद निवासी रजनी मलिक का आरोप है कि उनके भाई जसवीर मान, जो दिल्ली के गौतम नगर के रहने वाले हैं, ने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर अवैध कब्जा कर लिया है। महिला ने इस संबंध में पहले इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद गाजियाबाद पुलिस ने नोएडा पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद संबंधित कार को थाना-113 लाया गया।


भाई ने कहा- 32 लाख रुपये में बेच चुका हूं कार

थाने पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। जसवीर मान ने बहन के आरोपों को गलत बताते हुए दावा किया कि उन्होंने यह फॉर्च्यूनर कार 32 लाख रुपये में अपने साले को बेच दी है। उनके अनुसार, कार को लेकर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और लेन-देन वैध तरीके से हुआ है।


दस्तावेजों की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

घटना के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर माहौल शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार के स्वामित्व, खरीद-बिक्री और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *