नोएडा के सेक्टर-96 अंडरपास में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

top-news
नोएडा के सेक्टर-96 अंडरपास में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए। जिला अस्पताल में एक और सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरे युवक की मौत हो गई, जबकि तीसरे का इलाज जारी है।

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के सामने सेक्टर-96 अंडरपास में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। तीसरे घायल का उपचार जारी है।


एडमिशन का फॉर्म लेकर लौट रहे थे छात्र

एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, सलारपुर स्थित सेक्टर-81 के पांच युवक दो बाइकों से सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के प्रवेश का फॉर्म लेने गए थे। दोपहर करीब 12:45 बजे सभी वापस लौट रहे थे। एक बाइक पर तीन युवक और दूसरी पर दो युवक सवार थे। जब वे सेक्टर-45 सदरपुर की ओर से सेक्टर-96 अंडरपास पहुंचे, तभी एक बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।


जिला अस्पताल से सफदरजंग किया गया रेफर

हादसे में घायल तीनों युवकों को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय गुलशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 28 वर्षीय चंदन की भी मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जांच में जुटी पुलिस

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक तेज रफ्तार होने के कारण अंडरपास में अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *