नोएडा के फ्लैट से करोड़ों की कैंसर दवा बरामद, दिल्ली क्राइम ब्रांच और पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में की कार्रवाई
- Shiv Kumar
- 22 Jul, 2026
दिल्ली क्राइम ब्रांच, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) नॉर्थ जोन और जिला औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फ्लैट से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की कैंसर और अन्य महंगी जैविक (बायोलॉजिकल) दवाएं बरामद की हैं। मामले में फ्लैट से आनंद कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। बरामद दवाओं को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली से मिली सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
जिला औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि दिल्ली में चल रही एक जांच के दौरान सूचना मिली थी कि आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी के फ्लैट नंबर-402 में बड़ी मात्रा में महंगी दवाएं अवैध रूप से रखी गई हैं। सूचना के आधार पर 20 और 21 जुलाई की रात दिल्ली क्राइम ब्रांच, CDSCO और जिला औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने फ्लैट पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली कई महंगी और आयातित दवाएं बरामद हुईं।
सरकारी सप्लाई की दवाएं मिलने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद दवाओं में कुछ दवाएं बिहार सरकार की सरकारी आपूर्ति से जुड़ी हो सकती हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन दवाओं को सरकारी व्यवस्था से बाहर निकालकर निजी मरीजों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। मामले की जांच अब दवाओं के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने के लिए आगे बढ़ाई जा रही है।
दिल्ली के दवा तस्करी गिरोह से जुड़े तार, जांच जारी
पूछताछ में यह मामला दिल्ली में पहले पकड़े गए एक बड़े दवा तस्करी गिरोह से जुड़ा होने के संकेत मिले हैं। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस नेटवर्क से जुड़े कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें नौ आरोपी पहले दिल्ली से गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच टीम हैदराबाद भी भेजी गई है। अन्य संदिग्ध ठिकानों और आरोपियों की तलाश जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






