महिला आयोग की जनसुनवाई में पहुंचीं 19 शिकायतें, मीनाक्षी भराला ने सुनी फरियाद, त्वरित न्याय पर दिया जोर

top-news
ग्रेटर नोएडा में राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने 19 शिकायतों की जनसुनवाई की। कई मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि अन्य मामलों में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक विवादों पर भी अपनी बात रखी।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा स्थित विकास भवन सभागार में जनसुनवाई कर महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान गौतम बुद्ध नगर जनपद से प्राप्त 19 मामलों की सुनवाई की गई। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें समय पर न्याय दिलाना महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


19 शिकायतों पर सुनवाई, पुलिस को दिए सख्त निर्देश

जनसुनवाई के दौरान आयोग ने महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों पर पक्षकारों की बात सुनी। कई मामलों का मौके पर समाधान कराया गया, जबकि लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई समाप्त होने के बाद विकास भवन से निकलते समय एक पीड़ित पिता ने मीनाक्षी भराला को शिकायत पत्र सौंपा। उनका आरोप था कि वह लंबे समय से थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस पर महिला आयोग की सदस्य ने पुलिस को तीन दिन के भीतर मामले का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


मोबाइल और इंटरनेट को लेकर दिया बयान

मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिलाओं से जुड़े सभी मामले एक जैसे नहीं होते। कुछ मामलों में वास्तविक उत्पीड़न होता है, जबकि कई मामलों की जड़ पारिवारिक विवाद होते हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और सस्ते या मुफ्त इंटरनेट के बढ़ते उपयोग से परिवारों में आपसी संवाद कम हुआ है, जिससे विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि मोबाइल डेटा की दरों पर पुनर्विचार किया जाए तो कई पारिवारिक विवाद कम हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने दहेज, घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि गौतम बुद्ध नगर जैसे क्षेत्रों में आर्थिक स्थिति बेहतर होने के बाद कई परिवारों में दिखावे और दहेज की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिसका असर वैवाहिक संबंधों पर भी पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *