नोएडा में शराब पीने के दौरान विवाद में रिक्शा चालक की मौत, धक्का लगने से पत्थर पर गिरा; हत्या का केस दर्ज

top-news
नोएडा के सेक्टर-126 क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, साथी के धक्का देने से वह पत्थर पर गिर गया था। परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, साथी मजदूर के धक्का देने से वह पत्थर पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।


रिक्शे को लेकर शुरू हुआ था विवाद

थाना प्रभारी निरीक्षक सोमनेश कुमार सिंह ने बताया कि शिशुपाल (35) पुत्र मक्खन सेक्टर-87 फेज-2 में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। बुधवार रात वह अपने गांव के साथी टीटू पुत्र परशुराम और अन्य मजदूरों के साथ शाहपुर गांव में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान रिक्शे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।


धक्का लगने से सिर में आई गंभीर चोट

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान नशे की हालत में टीटू ने शिशुपाल को धक्का दे दिया। धक्का लगने से वह पास में पड़े पत्थर पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूर उसे इलाज के लिए भंगेल स्थित सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


आरोपी हिरासत में, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को मृतक के परिजन सत्यपाल की तहरीर पर थाना सेक्टर-126 में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी टीटू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *