नोएडा में अवैध रूप से रखी गई 79.94 लाख रुपये की दवाएं जब्त, एएनटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 24 Jul, 2026
गौतमबुद्धनगर में अवैध रूप से मादक दवाओं के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग और एएनटीएफ दिल्ली की संयुक्त टीम ने सेक्टर-123 स्थित एक अवैध गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम युक्त नारकोटिक दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 79.94 लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बरामद दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
संयुक्त टीम ने रातभर चलाया अभियान
औषधि निरीक्षक गौतमबुद्धनगर जयसिंह ने बताया कि 23 और 24 जुलाई 2026 की रात एएनटीएफ दिल्ली के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की चौकी सेक्टर-122 के अंतर्गत अंबेडकर सिटी, सेक्टर-123 स्थित मकान संख्या A-130A में बने अवैध गोदाम पर छापा मारा गया। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल (Tramadol) और अल्प्राजोलम (Alprazolam) युक्त मादक दवाएं बरामद हुईं। अधिकारियों के अनुसार, जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत ₹79,94,013 आंकी गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, दवाओं के नमूने जांच को भेजे
छापेमारी के दौरान टीम ने शिव नारायण झा और अमन शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया। दोनों पर अवैध रूप से नारकोटिक दवाओं का संग्रहण और भंडारण करने का आरोप है। अधिकारियों ने बरामद दवाओं के नमूने सुरक्षित कर परीक्षण और विश्लेषण के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






