नोएडा के बरौला गांव में सड़क पर उतरे ग्रामीण, प्राधिकरण की अनदेखी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, ग्रामीण बोले- अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए

top-news
नोएडा के बरौला गांव में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सड़क, सीवर और जलभराव की समस्या को लेकर प्राधिकरण अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

नोएडा के बरौला गांव में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से गांव की सड़कें, सीवर, नाले और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन नोएडा प्राधिकरण की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव की मुख्य सड़क पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना मिलने पर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।


अधिकारियों ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने दिखाईं बदहाल सड़कें और जलभराव

प्रदर्शन की सूचना पर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक पी.सी. सैन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को एलिवेटेड रोड के नीचे मुख्य मार्ग, जूस कॉर्नर से चौहान चौपाल तक की सड़क, गांव की गलियां, सीवर लाइन, नाले और जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कराया। ग्रामीणों का कहना है कि जगह-जगह टूटी सड़कें, कीचड़ और गंदा पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। उनका आरोप है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना इन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के बाद ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।


जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए समय मांगा, लेकिन लोगों ने जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए देरी पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का घेराव करेंगे। उनका कहना है कि यह केवल बरौला गांव का मुद्दा नहीं है, बल्कि नोएडा के कई गांव इसी तरह की बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांवों को शहर जैसी सुविधाएं मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *