नोएडा में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, 4 महिलाएं समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

top-news
नोएडा के सेक्टर-20 थाना पुलिस और साइबर टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चार महिलाओं समेत छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल, फीस बुक, रसीद बुक, पंपलेट और भर्ती से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अट्टा मार्केट स्थित एक बिल्डिंग से चार महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, फीस बुक, रसीद बुक, प्रचार-प्रसार के पंपलेट और भर्ती से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।


युवाओं को नौकरी का झांसा देकर वसूली करता था गिरोह

पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का झूठा दावा कर बेरोजगार युवाओं से पंजीकरण और अन्य शुल्क के नाम पर रुपये वसूलते थे। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम और थाना सेक्टर-20 पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अट्टा मार्केट सेक्टर-27 स्थित कार्यालय पर छापा मारा, जहां से पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया गया।


छापेमारी में भर्ती से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 11 फीस बुक, 4 रसीद बुक, 22 प्रचार-प्रसार पंपलेट और 20 भर्ती से संबंधित भरे हुए फॉर्म बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।


आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *