नोएडा में तीन लोग साइबर ठगी का शिकार, ट्रेडिंग और जॉब के नाम पर 43.50 लाख की ठगी, केस दर्ज

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर तीन लोगों से 43.50 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। पुलिस ने तीन मामलों में 10.65 लाख रुपये फ्रीज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग, घर बैठे नौकरी और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर तीन लोगों को अपना शिकार बनाकर 43.50 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। तीनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगों के बैंक खातों में जमा 10.65 लाख रुपये से अधिक की रकम फ्रीज कराई है। मामले में आगे की जांच जारी है।


शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 17.76 लाख की ठगी

सेक्टर-122 निवासी एक व्यक्ति को पिछले वर्ष एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का दावा किया गया। इसके बाद ठगों ने उन्हें एक फर्जी निवेश ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराया और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर रकम जमा कराई। कई महीनों में पीड़ित ने 17.76 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब मुनाफा नहीं मिला तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने 4.96 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।


वर्क फ्रॉम होम और गेमिंग ऐप के नाम पर दो और लोगों को बनाया शिकार

एक महिला को टेलीग्राम के जरिए घर बैठे नौकरी का ऑफर दिया गया। बाद में उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर टास्क पूरा करने और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 14.54 लाख रुपये विभिन्न खातों में जमा करा लिए गए। इसके बाद ठगों ने संपर्क खत्म कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 3.38 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा के स्टेलर वन निवासी एक युवक को ऑनलाइन गेमिंग ऐप में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया। युवक ने 11.20 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में ठगी का पता चला। पुलिस ने इस मामले में 2.30 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं।


पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग, वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन गेमिंग या किसी भी तरह के निवेश और कमाई के प्रस्ताव पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक, ऐप या व्हाट्सएप-टेलीग्राम ग्रुप के झांसे में आने से बचें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई रकम को बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *