नोएडा की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी, 18 फीट लंबे भव्य रथ के साथ 11 शिवभक्त हरिद्वार से लाएंगे 101 लीटर गंगाजल
- Shiv Kumar
- 30 Jul, 2026
सावन माह के साथ कांवड़ यात्रा का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया है। इस बार भी नोएडा की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा सर्फाबाद गांव से निकलेगी। यात्रा के लिए 18 फीट लंबा, 8 फीट चौड़ा और 12 फीट ऊंचा भव्य कांवड़ रथ तैयार किया गया है। खास बात यह है कि इस रथ को 11 शिवभक्त हरिद्वार से नोएडा तक पैदल खींचकर लाएंगे। करीब दो महीने की मेहनत से तैयार किए गए इस रथ में भगवान शिव का मंदिर, शिवलिंग और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी यह यात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है।
दो महीने में तैयार हुआ भव्य कांवड़ रथ
कांवड़ रथ को तैयार करने में लगभग दो महीने का समय लगा है। रथ की लंबाई 18 फीट, चौड़ाई 8 फीट और ऊंचाई 12 फीट है। इसमें दो मंदिर बनाए गए हैं। एक मंदिर में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित होगी, जबकि दूसरे में शिवलिंग और भगवान गणेश विराजमान होंगे। रथ में 101 लीटर गंगाजल रखा जाएगा। आयोजकों का कहना है कि रथ को धार्मिक परंपराओं और आकर्षक स्वरूप को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
4 अगस्त से शुरू होगी पैदल यात्रा
यात्रा में शामिल सभी 11 शिवभक्त पहले हरिद्वार पहुंचेंगे और 4 अगस्त को वहां से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा शुरू करेंगे। करीब छह दिन की यात्रा के बाद 10 अगस्त को श्रद्धालु सर्फाबाद पहुंचेंगे। इसके बाद 11 अगस्त को प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा की अगुवाई गजेंद्र यादव कर रहे हैं, जो पिछले 15 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
पूरी यात्रा में रहेगा सात्विकता और अनुशासन का पालन
आयोजकों ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान भोजन श्रद्धालु स्वयं तैयार करेंगे। खाने-पीने का सभी सामान टीम अपने साथ लेकर चलेगी और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पवन यादव ने बताया कि रथ में 101 लीटर गंगाजल रखा जाएगा, जबकि करीब 22 लीटर गंगाजल श्रद्धालु अपने कंधों पर लेकर चलेंगे। यात्रा के दौरान दिन में अधिक दूरी तय की जाएगी और रात में सीमित समय तक ही यात्रा जारी रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






