नोएडा के वेडिंग विला बैंकेट हॉल में चलती लिफ्ट गिरी, 20 मिनट तक लोग फंसे रहे, मची अफरा-तफरी
- Shiv Kumar
- 31 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश की शो विंडो कहे जाने वाले नोएडा में लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंकेट हॉल में शुक्रवार को एक चलती लिफ्ट अचानक नीचे आ गई, जिससे उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट अचानक खराब होकर रुक गई और उसमें सवार लोग करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बैंकेट हॉल में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने से यह घटना हुई, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लिफ्ट सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
नोएडा में लिफ्ट एक्ट लागू होने के बावजूद लगातार सामने आ रही लिफ्ट खराब होने की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक भवनों में लिफ्टों का नियमित सुरक्षा ऑडिट और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






