नोएडा में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, कोण्डली बाँगर के डूब क्षेत्र में 10 फार्म हाउस ध्वस्त, करोड़ों की जमीन कब्जामुक्त

top-news
नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम कोण्डली बांगर और झट्टा में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अवैध फार्महाउस ध्वस्त कर दिए और दोबारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग हटाई। अभियान के दौरान कुल 32,670 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम ग्राम कोण्डली बांगर और ग्राम झट्टा में बुलडोजर चलाया। अभियान के दौरान डूब क्षेत्र में बने सात अवैध फार्महाउस ध्वस्त किए गए, जबकि दोबारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग भी हटाई गई। इस कार्रवाई में कुल 32,670 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


डूब क्षेत्र में बने सात अवैध फार्महाउस तोड़े

प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 की टीम ने ग्राम कोण्डली बांगर के डूब क्षेत्र में करीब 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर बने सात अवैध फार्महाउस को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि सिंचाई विभाग की है, जबकि इसके पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण के पास है। जांच में यहां बिना अनुमति पक्के निर्माण कर फार्महाउस बनाए गए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से हटाया गया।


झट्टा में दोबारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई

इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने ग्राम झट्टा के खसरा संख्या-456 में दोबारा शुरू की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। अधिकारियों ने बताया कि पहले भी यहां से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कब्जाधारकों ने फिर से चिनाई कर प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाया और करीब 22,670 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया।


अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा, अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *