नोएडा में गांजा तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस कस्टडी रिमांड पर आई महिला की निशानदेही पर 21.2 किलो गांजा बरामद
- Shiv Kumar
- 31 Jul, 2026
नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाई गई महिला अभियुक्ता की निशानदेही पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खंडहरनुमा झुग्गी में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता नूरी की निशानदेही पर सेक्टर-9 स्थित बी-25 के सामने एक खंडहरनुमा झुग्गी में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान वहां से 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने पूरे मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर उसे फोरेंसिक प्रक्रिया के लिए सुरक्षित कर लिया है।
23 जुलाई को किया था आत्मसमर्पण
पुलिस ने बताया कि नूरी पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दर्ज मुकदमे में वांछित चल रही थी। अभियुक्ता ने 23 जुलाई 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद 31 जुलाई को न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने पर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने गांजा छिपाने की जानकारी दी।
एनडीपीएस एक्ट की धारा बढ़ाई गई
बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 को भी शामिल करते हुए मुकदमे में बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






