विदेशियों को लोन दिलाने के नाम पर करते थे ठगी, नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 04 Sep, 2026
सेंट्रल नोएडा की सेक्टर-142 थाना पुलिस ने विदेशियों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से डेस्कटॉप, मोबाइल फोन और ठगी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेशों में रहने वाले ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिनका सिविल स्कोर खराब होने की वजह से उन्हें आसानी से लोन नहीं मिल पाता था। आरोपी फोन पर संपर्क कर उन्हें लोन दिलाने का भरोसा देते और इसके बदले प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम वसूलते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
खराब सिविल स्कोर वालों को बनाते थे निशाना
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने गुरुवार को सूरजपुर में प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंसूरी रशीद, तरुण मिश्रा और चंद्रकांत के रूप में हुई है। आरोपी विदेशों में रहने वाले ऐसे लोगों की जानकारी जुटाते थे, जिन्हें खराब सिविल स्कोर के कारण लोन मिलने में परेशानी होती थी। इसके बाद उन्हें फोन कर लोन स्वीकृत कराने का झांसा दिया जाता था। बातचीत के दौरान आरोपियों की ओर से अलग-अलग तरह की फीस और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसे मांगे जाते थे। भरोसे में आने के बाद पीड़ितों से रकम लेकर आरोपी उनसे संपर्क खत्म कर देते थे।
ई-सिम से विदेशियों को करते थे फोन, डॉलर में लेते थे रकम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ई-सिम का इस्तेमाल कर विदेशों में रहने वाले लोगों को कॉल करते थे। ठगी से मिलने वाली रकम डॉलर में ली जाती थी। इसके बाद इस रकम को चाइनीज करेंसी में बदला जाता था और हवाला के जरिए नकदी हासिल की जाती थी। पुलिस को मुखबिर से फर्जी कॉल सेंटर के बारे में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर सेक्टर-142 थाना पुलिस ने सेक्टर-138 स्थित एक सोसाइटी के तीसरे फ्लोर पर बने फ्लैट में छापा मारा। यहां से तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। मौके से डेस्कटॉप, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस खंगाल रही पूरा नेटवर्क
तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अब फर्जी कॉल सेंटर से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी कितने समय से इस तरह की ठगी कर रहे थे और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसके अलावा कॉल सेंटर में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े थे, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






