नोएडा में किराएदारों के कमरों को बनाते थे निशाना, 4 आरोपी गिरफ्तार, 24 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद
- Shiv Kumar
- 06 Sep, 2026
नोएडा में किराएदारों के घरों को निशाना बनाकर मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 24 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और सात छोटे धारदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से दो हजार रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोटपुर कॉलोनी में रहते थे और आसपास के ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग किराए पर रहते हैं। मौका मिलते ही आरोपी मकान में घुसकर खुले कमरों से मोबाइल, लैपटॉप और दूसरी कीमती चीजें चोरी कर लेते थे।
किराएदारों वाले मकानों की करते थे रेकी
एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिक्कू राजकुमार (20), राजा भास्कर (19), रिषभ (19) और श्याम साहू (28) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ऐसे मकानों को तलाशते थे, जहां कई किराएदार रहते हों। रेकी के बाद मौका देखकर गिरोह के सदस्य एक साथ मकान में दाखिल होते थे। जिन कमरों में सामान खुला या आसानी से मिलने की स्थिति में होता था, वहां से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान उठा लेते थे। चोरी के बाद आरोपी वहां से निकल जाते थे और कुछ समय बाद चोरी किए गए मोबाइल को राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे।
मोबाइल बेचकर रकम आपस में बांटते थे
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जब आरोपियों के पास काफी संख्या में मोबाइल जमा हो जाते थे, तो वे उन्हें सस्ते दाम पर बेच देते थे। मोबाइल बेचने से मिली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी इस पैसे को मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे। पुलिस को शक है कि गिरोह ने इस तरह चोरी की कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया हो सकता है। बरामद 24 मोबाइल फोन की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किन मामलों में चोरी किए गए थे और उनके असली मालिक कौन हैं।
डराने के लिए रखते थे धारदार चाकू
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू और सात छोटे धारदार चाकू भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन चाकुओं को लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास रखते थे। इसके अलावा पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका नंबर UP75AQ4105 बताया गया है। पुलिस अब बरामद बाइक और मोबाइल फोन के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाता था और इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






