पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा का नोएडा में निधन, सेक्टर-94 में आज होगा अंतिम संस्कार
- Shiv Kumar
- 13 Sep, 2026
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा का शनिवार रात नोएडा में निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। सत्यवती मिश्रा पिछले करीब एक सप्ताह से गंभीर रूप से बीमार थीं और सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया गया कि फेफड़ों में संक्रमण फैलने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। शनिवार रात उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंचे और पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया गया। सत्यवती मिश्रा का अंतिम संस्कार रविवार को सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में किया जाएगा।
एक सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज
परिजनों के मुताबिक, सत्यवती मिश्रा को फेफड़ों में संक्रमण फैलने के बाद करीब एक सप्ताह पहले सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। शनिवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना था। इसके कुछ समय बाद सत्यवती मिश्रा के निधन की सूचना सामने आई। खबर मिलते ही भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक जताया। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया गया।
सेक्टर-94 में दोपहर साढ़े 12 बजे अंतिम संस्कार
भाजपा नोएडा महानगर के नेता अमित त्यागी ने बताया कि सत्यवती मिश्रा का अंतिम संस्कार रविवार को सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में किया जाएगा। अंतिम संस्कार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे होगा। उनके निधन की सूचना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर है। पार्टी से जुड़े कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और परिचितों के पहुंचने की संभावना है।
अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल ने जताया दुख
सत्यवती मिश्रा के निधन पर अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश मिश्रा ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में उन्होंने सत्यवती मिश्रा को धर्मपरायण और सभी की चिंता करने वाली गृहिणी बताया। उन्होंने कहा कि वह घर आने वाले हर व्यक्ति को समान सम्मान देती थीं। डॉ. दिनेश मिश्रा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






