यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की सुरक्षा को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, लक्ष्मी सिंह ने लिया जायजा, चार लेयर में होगी सुरक्षा
- Shiv Kumar
- 23 Sep, 2026
ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से शुरू होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को ट्रेड शो स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कमिश्नर के निरीक्षण के कुछ देर बाद सीआईडी/डायल-112 के डीजी विनोद कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
ट्रेड शो के पहले दिन पहुंचेंगे गृह मंत्री अमित शाह
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होगा। कार्यक्रम के पहले दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पहुंचने और ट्रेड शो का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास तैयारियां की हैं। अधिकारियों को यातायात, प्रवेश और वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
2000 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल
ट्रेड शो में 2000 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कारोबारी और संस्थान अपने उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी लगाएंगे। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है। ट्रेड शो को उत्तर प्रदेश के उत्पादों और यहां की औद्योगिक क्षमता को देश और दुनिया के सामने रखने वाले बड़े आयोजन के तौर पर देखा जा रहा है।
चार लेयर की सुरक्षा, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के ज्वाइंट कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि ट्रेड शो को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में चार लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है। वीवीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान आने वाले लोगों की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना भी प्राथमिकता रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






