पर्थला फ्लाईओवर पर प्रदर्शन को लेकर 200 लोगों पर FIR, सुखबीर खलीफा समेत 40 नामजद, पुलिस से अभद्रता का आरोप

top-news
नोएडा के पर्थला फ्लाईओवर के पास प्रदर्शन और रास्ता रोकने के मामले में सुखबीर खलीफा समेत करीब 200 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने 40 लोगों को नामजद किया है। प्रदर्शनकारियों पर यातायात बाधित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस से अभद्रता का आरोप है।

नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर प्रदर्शन करने के मामले में भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत करीब 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें 40 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट करने के आरोप हैं। यह मुकदमा पर्थला चौकी प्रभारी अंकित शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया है।


बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा था धरना

पुलिस की शिकायत के मुताबिक, पर्थला फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खाली जगह पर नए बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर सुखबीर खलीफा और उनके समर्थक 6 सितंबर से धरना दे रहे थे। आरोप है कि 13 सितंबर को करीब 150 से 200 प्रदर्शनकारी बिना अनुमति मुख्य मार्ग पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए रास्ता रोक दिया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि 21 सितंबर को धरनास्थल पर लाउडस्पीकर के जरिए संबोधन किया जा रहा था, जिससे आसपास आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी।


सरकारी गमले तोड़ने और पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान फुटपाथ पर रखे सरकारी गमलों और अन्य सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया गया। प्रदर्शनकारियों को हटाने और स्थिति संभालने पहुंची पुलिस के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। चौकी प्रभारी की शिकायत पर केस दर्ज होने के बाद मामले की जांच संजय मलिक को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *