नोएडा में किसानों और कॉलोनीवासियों की सभा, बोले- समस्याएं नहीं सुलझीं तो करेंगे प्राधिकरण का घेराव
- Shiv Kumar
- 28 Sep, 2026
ग्राम बहलोलपुर स्थित बबीता कॉलोनी में 27 सितंबर 2026 को भारतीय किसान संगठन की सभा आयोजित हुई। सभा में किसानों, मजदूरों और कॉलोनीवासियों ने गांवों और आसपास की कॉलोनियों से जुड़ी समस्याएं रखीं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से अपनी जमीन और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। राजेंद्र यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय वोट मांगने के लिए लोगों के बीच आते हैं, लेकिन उनकी समस्याएं देखने के लिए नहीं पहुंचते। उन्होंने कहा कि नोएडा के गांवों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। स्थानीय किसान अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि उन्हें विकसित प्लॉट भी नहीं मिल रहे हैं। उनका आरोप है कि अधिकारी कई कॉलोनियों को अतिक्रमण बताकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं।
गांवों और कॉलोनियों की समस्याओं पर उठे सवाल
राजेंद्र यादव ने कहा कि गांवों के साथ बनी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को वोट देने का अधिकार है तो सुविधाएं देने के समय उन्हें अतिक्रमणकारी क्यों बताया जाता है। उन्होंने कहा कि गांवों और कॉलोनियों में रास्तों की स्थिति खराब है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और कॉलोनी निवासी स्थानीय राजनेताओं से खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि स्थानीय सांसद और विधायक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं करा रहे हैं। राजेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव के समय कॉलोनीवासी अपने लगते हैं, लेकिन काम के समय उन्हें डूब क्षेत्रवासी बता दिया जाता है।
नोएडा प्राधिकरण के घेराव का ऐलान
सभा में भारतीय किसान संगठन ने आगामी कार्यक्रम के तौर पर नोएडा विकास प्राधिकरण के घेराव का निर्णय लिया। संगठन के मुताबिक, समस्याओं के समाधान को लेकर जल्द ही घेराव की तारीख और समय सार्वजनिक किया जाएगा। संगठन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्याओं का समाधान नहीं होने की स्थिति में किसान, मजदूर और कॉलोनी निवासी अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरेंगे। महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने कहा कि अब समय करो या मरो का आ गया है और जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के घेराव का समय घोषित किया जाएगा। महानगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव और फूलसिंह समेत अन्य लोगों ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मौजूद किसानों, मजदूरों और कॉलोनीवासियों ने अपनी समस्याएं संगठन के सामने रखीं, जिन पर विचार करने के बाद प्राधिकरण के घेराव का निर्णय लिया गया। सभा में अशोक यादव, आदेश कुमार, पूर्ण प्रधान, हरिंदर यादव, विष्णु, अजब सिंह चौहान, ऋषिपाल शर्मा, प्रभाकर, विक्की, विवेक शुक्ला, अनीता, हेमलता और श्यामवीर समेत कई लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






