नोएडा के 81 गांवों की समस्याओं पर बैठक, सीवर और जल के स्थायी कनेक्शन को लेकर किसान संगठन ने लिया फैसला
- Shiv Kumar
- 30 Sep, 2026
नोएडा के 81 गांवों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में मंगलवार को गढ़ी चौखंडी गांव में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता रनी पहलवान ने की। इसमें ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से गांवों को सीवर और जल के स्थायी कनेक्शन देने की मांग उठाई गई। संगठन ने नोएडा प्राधिकरण से इसके लिए गांव-गांव कैंप लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी शुरुआत गढ़ी चौखंडी गांव से की जानी चाहिए।
सीवर और पानी के स्थायी कनेक्शन की मांग
भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि नोएडा विकास प्राधिकरण की स्थापना को करीब 50 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन स्थानीय किसान अभी भी आबादी निस्तारण, विकसित प्लॉट और 64 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर जैसी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि गांवों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। बैठक में 81 गांवों की समस्याओं के समाधान को लेकर आगे भी प्रयास जारी रखने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण बोले- जब आपूर्ति हो रही तो कनेक्शन में दिक्कत क्यों
गांव निवासी रत्नपाल यादव ने कहा कि ग्रामीण स्थायी रूप से सीवर और पानी के कनेक्शन चाहते हैं। उनका कहना है कि करीब सभी गांवों में सीवर और जल की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है, ऐसे में स्थायी कनेक्शन देने में क्या परेशानी है। उन्होंने प्राधिकरण से गांवों में कैंप लगाकर स्थायी कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
आबादी निस्तारण का मुद्दा भी उठा
बैठक में भरत प्रधान ने आबादी निस्तारण के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपने घरों का मालिकाना हक मिलने तक यह मुहिम जारी रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा प्राधिकरण मूल निवासियों को बेघर करने पर तुला हुआ है। बैठक में मौजूद लोगों ने 81 गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण स्तर पर ठोस कार्रवाई की मांग की।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में अमर सिंह, आदेश, राजपाल, रणवीर प्रधान, पहलाद, सुखवीर, जगदीश, विजेंद्र, धर्मपाल प्रधान, रवि प्रमुख, सुंदर, दीपू, राजन, बबलू, रिंकू, ओंकार, प्रमोद और योगेश शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






