Breaking News

पिता समझाते रहे, एसी टेक्नीशियनों ने भी बचाने की कोशिश की, फिर सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूद गया संभव

top-news
नोएडा के सुपरनोवा एस्पायर टावर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत से पहले पिता को भेजे मैसेज सामने आए हैं। पुलिस को वॉट्सऐप चैट, वीडियो और CCTV फुटेज मिले हैं। परिवार ने आर्थिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी दी है।

नोएडा। सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन (29) ने नोएडा की सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर की 43वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना से पहले संभव ने अपने पिता को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजा था। उसने लिखा था, “पापा, अब आपको किसी को पैसे नहीं देने पड़ेंगे...” पुलिस की जांच में सामने आया कि संभव घटना से पहले लगातार अपने पिता से बातचीत कर रहा था और जिंदगी खत्म करने की बात कह रहा था। पिता उसे समझाते रहे, घर वापस आने के लिए कहते रहे और ऐसा कदम न उठाने की विनती करते रहे। इसके बावजूद संभव नहीं माना। जब वह बिल्डिंग की बालकनी से बाहर जाने की स्थिति में पहुंचा तो पास के कमरे में काम कर रहे एसी टेक्नीशियनों ने भी उसे बचाने और समझाने की कोशिश की। उन्होंने उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन संभव ने बताया कि वह बहुत ज्यादा डिप्रेशन में है और अब जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने छलांग लगा दी। घटना सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर की है।


पिता से हिंदी-अंग्रेजी में करता रहा बातचीत, मोबाइल में मिला वीडियो
सेक्टर-126 थाना पुलिस की जांच में संभव के मोबाइल से उसके और पिता के बीच हुई वॉट्सऐप बातचीत सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, संभव ने पिता को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संदेश भेजे थे और इन संदेशों में उसने अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कही थी। बातचीत में उसकी आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र मिला है। पिता लगातार उसे समझाते रहे और घर लौटने के लिए कहते रहे, लेकिन संभव उनकी बात नहीं मान रहा था। पुलिस ने मोबाइल फोन और वॉट्सऐप चैट को सुरक्षित कर लिया है और इन्हें जांच में अहम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। जांच के दौरान पुलिस को संभव के मोबाइल से करीब दो मिनट का एक वीडियो भी मिला, जिसे घटना से पहले बनाया गया था। इस वीडियो में भी संभव ने अपनी आर्थिक परेशानी का जिक्र किया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में उसने किसी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। पुलिस ने इस वीडियो को भी सुरक्षित कर लिया है। इस तरह मोबाइल, पिता के साथ हुई चैट और घटना से पहले बनाया गया वीडियो मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य बने हैं।


कमरे की बालकनी से बाहर आया, टेक्नीशियनों ने भी बचाने की कोशिश की
पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र के रहने वाले संभव पुत्र विनय कुमार जैन ने 2 अक्टूबर को सुपरनोवा में कमरा नंबर 4228 किराए पर लिया था। उसने दोपहर करीब ढाई बजे चेक-इन किया था। शनिवार सुबह 11:27 बजे वह कमरे की बालकनी में पहुंचा और बाहर की तरफ चला गया। पास के कमरे नंबर 4227 में एसी का काम कर रहे टेक्नीशियनों ने उसे देखा तो वे उसकी मदद के लिए पहुंचे। टेक्नीशियनों ने संभव को समझाने और वापस आने के लिए मनाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान संभव ने कहा कि वह बहुत ज्यादा डिप्रेशन में है और अब जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के आसपास की स्थिति की जांच करने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। घटना के समय मौजूद एसी टेक्नीशियनों और होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने संभव के सुपरनोवा में पहुंचने और चेक-इन करने से लेकर कमरे तक जाने की CCTV फुटेज भी सुरक्षित कर ली है।


बीमार बच्चे के इलाज पर 35 से 40 लाख खर्च, बाद में पत्नी से हुआ तलाक
परिजनों के मुताबिक, संभव पिछले कई दिनों से काफी तनाव में था। घरवालों ने पुलिस को बताया कि संभव की शादी 2024 में हुई थी। वर्ष 2025 में उसके बच्चे का समय से पहले जन्म हुआ था और जन्म के बाद से ही बच्चा बीमार रहता था। बच्चे के इलाज में परिवार को करीब 35 से 40 लाख रुपये खर्च करने पड़े, लेकिन इसके बावजूद उसकी तबीयत लगातार खराब रहती थी। बाद में संभव का पत्नी से कोर्ट के जरिए तलाक भी हो गया। परिवार के मुताबिक, संभव अपनी सेहत को लेकर भी परेशान रहता था। इन परिस्थितियों के बीच वह पिछले तीन दिनों से अपने घर नहीं गया था। उसके पिता ने उसे समझाया और वापस घर लौटने के लिए कहा था। इसी दौरान संभव ने पिता के साथ वॉट्सऐप पर बातचीत की और अपनी परेशानियों से जुड़ी बातें साझा कीं। पुलिस की जांच में आर्थिक परेशानी, पारिवारिक परिस्थितियों और स्वास्थ्य को लेकर उसकी चिंता से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस के पास मिले वीडियो में संभव ने किसी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं बताया है। पुलिस मोबाइल, चैट, वीडियो और CCTV समेत उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।


सुपरनोवा में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
सुपरनोवा परिसर में इससे पहले भी ऊंचाई से गिरने से मौत के मामले सामने आ चुके हैं। 21 जनवरी 2023 को दिल्ली के रानी बाग निवासी 43 वर्षीय प्रॉपर्टी कंसल्टेंट रोहित कुमार की बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद जून 2023 में केरल के एर्नाकुलम निवासी 23 वर्षीय इंजीनियर अर्जुन अलोसियस की बिल्डिंग की 35वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी। अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी के बेटे रवि शर्मा का शव सुपरनोवा परिसर में मिला था। शुरुआती जांच में उनके 32वीं मंजिल से गिरने की आशंका जताई गई थी। अब संभव जैन की मौत के मामले में भी पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, पिता के साथ हुई वॉट्सऐप चैट और घटना से पहले बनाया गया वीडियो सुरक्षित किया है। पुलिस ने घटना के समय मौजूद टेक्नीशियनों और होटल कर्मचारियों से पूछताछ भी की है। उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *