नोएडा में दिवाली से पहले सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश, 31 अक्टूबर तक सभी सड़कों की रिसर्फेसिंग का लक्ष्य

top-news
नोएडा प्राधिकरण ने त्योहारों से पहले सफाई, रोशनी और जलापूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। 31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग, बकायेदारों से वसूली तेज करने, अवैध निर्माण पर कार्रवाई और न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने पर जोर दिया गया।

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 15 अक्टूबर 2026 को विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए शहर की सफाई, सड़कों की मरम्मत, प्रदूषण नियंत्रण और प्रमुख परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई, लाइटिंग, जलापूर्ति और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को मूर्ति विसर्जन और अर्घ्य के लिए कृत्रिम तालाब तैयार कराने, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन मजबूत करने और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया। इसके अलावा 31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग कराने, बकायेदारों से वसूली तेज करने और न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।


त्योहारों से पहले सफाई, लाइटिंग और कचरा उठाने की व्यवस्था होगी मजबूत

समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने निर्देश दिए कि त्योहारों को देखते हुए शहर के सभी जरूरी स्थलों पर सफाई, सड़क मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था समय से पूरी कर ली जाए। मूर्ति विसर्जन और अर्घ्य के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर कृत्रिम तालाब भी तैयार किए जाएं। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गांवों में अतिरिक्त वाहन खरीदकर तैनात करने को कहा गया। प्राधिकरण कचरा उठाने वाले वाहनों में 70 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहन और 30 प्रतिशत सीएनजी वाहन शामिल करने की दिशा में काम कर रहा है। इसके लिए तैयार किया गया आकलन परीक्षण के लिए आईआईटी भेजा जा चुका है। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और फील्ड स्टाफ को समय पर क्षेत्र में पहुंचने के निर्देश भी दिए गए। अवर अभियंताओं को सुबह 8 बजे और प्रबंधकों को सुबह 9 बजे तक क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण करना होगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को अपनी लाइव लोकेशन भी साझा करनी होगी। ठेकेदारों के साथ बैठक कर मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा अव्यवस्थित तरीके से फैले कबाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए गए।


भंगेल और चिल्ला एलिवेटेड रोड समेत प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क, नाली, पुलिया और सेंट्रल वर्ज का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा गया। चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के पूरा होने के बाद अंतिम छोर पर जाम की समस्या न हो, इसके लिए अभी से योजना बनाने के निर्देश दिए गए। यमुना के समानांतर प्रस्तावित पुस्ता मार्ग के निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से पत्राचार कर आगे की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। इस मार्ग के अतिरिक्त हिस्से में हरित विकास और सौंदर्यीकरण के काम कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं चिल्ला से यमुना पुस्ता तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डीपीआर स्वीकृत होने और सैद्धांतिक मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई। इस परियोजना के लिए एक से दो सप्ताह में निविदाएं आमंत्रित किए जाने की संभावना जताई गई। इंजीनियरिंग विभागों को स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण शुरू कराने तथा सिविल, बिजली, जल और सीवर से जुड़े कामों के लिए एकीकृत आकलन तैयार करने को भी कहा गया।


शौचालय, वेंडिंग जोन और प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती

नोएडा में बने शौचालयों और यूरिनल्स के रखरखाव की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ प्रबंधकों को प्रमाण-पत्र देने के निर्देश दिए गए कि उनके क्षेत्र में सभी शौचालय पूरी तरह अनुरक्षित और संचालित हैं। यह भी स्पष्ट किया गया कि शौचालयों के संचालन के लिए तैनात विज्ञापन एजेंसियां केवल शौचालय या यूरिनल के ऊपर ही विज्ञापन लगाएं। शहर में अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और जब्त ठेलियों, खोखों व कार्ट को रखने के लिए प्रत्येक वर्क सर्किल में एक स्टोर की व्यवस्था करने को कहा गया। आगामी महीनों में लागू होने वाले ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) को देखते हुए वायु प्रदूषण रोकने के उपाय अभी से शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत 31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग, इमारतों में रूफटॉप स्प्रिंकलर लगाने के लिए एडवाइजरी जारी करने और शहर में विभिन्न स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक प्रदर्शित करने की व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि 88 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए कार्यादेश जारी हो चुके हैं। इसके अलावा 77 अन्य स्थानों को भी चार्जिंग स्टेशन के लिए चिह्नित किया जाना है। पार्कों में ओपन जिम का नियमित रखरखाव करने, उनकी संख्या बढ़ाने और बच्चों के लिए पीपीपी मॉडल पर गेम व स्पोर्ट्स जोन विकसित करने के निर्देश दिए गए।


बकायेदारों से वसूली और न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण पर जोर

प्राधिकरण की संपत्तियों के बकायेदारों की समीक्षा में निर्देश दिया गया कि एक करोड़ रुपये से अधिक के ऐसे बकायेदारों से वसूली 1 नवंबर तक पूरी की जाए, जिनका मामला किसी न्यायालय में लंबित नहीं है। निर्धारित समय तक भुगतान नहीं होने पर संबंधित बकायेदारों के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर करने, रिकवरी आदेश जारी कराने और मामला आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को भेजने की कार्रवाई करने को कहा गया। सेक्टर-145 में पांच प्रतिशत आबादी श्रेणी के तहत आवंटित भूखंडों का कब्जा देने की प्रक्रिया दीपावली से शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण क्षेत्र की अधिसूचित और अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया। सलारपुर, भंगेल, गेझा, शाहपुर गोवर्धनपुर और हाजीपुर के चिह्नित खसरा नंबरों पर बने अवैध निर्माण सील करने के निर्देश दिए गए। संबंधित सूचना सब-रजिस्ट्रार को भेजने को भी कहा गया, ताकि इन संपत्तियों के पट्टा प्रलेख किसी अन्य के पक्ष में निष्पादित न हों। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन यानी न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के दौरान प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की दरें तय हो चुकी हैं और क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक भी हो चुकी है। अब तक 281 काश्तकार आपसी सहमति से भूमि देने के लिए अपने प्रपत्र जमा करा चुके हैं।


बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी क्रांतिशेखर सिंह, महिमा, इंदुप्रकाश सिंह, एन.के. सिंह और संतोष कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा महाप्रबंधक सिविल ए.के. अरोड़ा और एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक विद्युत एवं यांत्रिकी आर.पी. सिंह, महाप्रबंधक नियोजन मीना भार्गव, उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन सिंह तथा विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत एवं यांत्रिकी खंडों के वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *