दिवाली से पहले नोएडा में बिग बास्केट, ब्लिंकिट और अन्य स्टोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, साफ-सफाई में कमी मिलने पर नोटिस

top-news
दिवाली से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की। साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस दिए गए। पनीर, मूंगफली और तिल के तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

दिवाली से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में कमी और जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं होने पर 16 स्टोरों को सुधार नोटिस जारी किए गए। जांच के दौरान पनीर, मूंगफली के दाने और तिल के तेल के नमूने भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।


बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जोमैटो हाइपरमार्ट में मिलीं कमियां

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली और आवश्यक अभिलेख भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इन कमियों के चलते सुधार नोटिस जारी किए गए। जोमैटो हाइपरमार्ट में भी निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की। दादरी स्थित स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की भी जांच की गई। इस दौरान जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया। सूरजपुर, बीटा-1 ग्रेटर नोएडा और नोएडा के सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों की जांच में भी साफ-सफाई और दस्तावेजों से जुड़ी कमियां सामने आईं। संबंधित स्टोरों को व्यवस्था सुधारने और जरूरी अभिलेख उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।


पनीर, मूंगफली और तिल के तेल के नमूने जांच के लिए भेजे

खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान तीन खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। दादरी स्थित जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर, सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने और ग्रेटर नोएडा के मथुरापुर स्थित पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना लिया गया। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग की टीमों ने पी-1 ग्रेटर नोएडा स्थित जियोमार्ट, पी-3 स्थित केवी एंटरप्राइजेज और जेप्टो स्टोर, इटहेरा के इकोटेक-4 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-128 नोएडा स्थित पीवाईडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के स्विगी स्टोर, शाहदरा स्थित जेप्टो डार्क स्टोर और तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर का भी निरीक्षण किया।


जेप्टो के कोल्ड रूम का संचालन बंद, दस्तावेज रखने के निर्देश

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन बंद करा दिया। मौके पर जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टोर को सुधार नोटिस भी जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों को निर्धारित समय से पहले हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जैसे दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दिवाली के मद्देनजर जांच की जा रही है। प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *