नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, 5 चौकी प्रभारी सस्पेंड, कई अधिकारियों की जांच शुरू

top-news
नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के मामलों में पांच उपनिरीक्षकों को निलंबित किया गया है। कई एसीपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू हुई है। अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर भी चेतावनी दी गई है।

गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जनशिकायतों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त कार्रवाई की है। शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने, उनका उचित समाधान नहीं करने और असंतुष्ट फीडबैक बढ़ने के मामलों में पांच उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा कई एसीपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। चोरी, वाहन चोरी, गृहभेदन और स्नैचिंग जैसे अपराधों की रोकथाम में अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर पाने के मामलों में भी कई पुलिसकर्मियों को कड़ी चेतावनी दी गई है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


जनशिकायतों की अनदेखी पर पांच दरोगा निलंबित

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिन पांच उपनिरीक्षकों को निलंबित किया गया है, उनमें मोरना चौकी प्रभारी अजित सिंह, सेक्टर-12/22 चौकी प्रभारी अक्षय प्रताप, जेवर थाना क्षेत्र की आरआर साइट चौकी प्रभारी बिरजलाल, सूरजपुर कस्बा चौकी प्रभारी कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन अधिकारियों के खिलाफ जनशिकायतें बढ़ रही थीं। प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने, उनका समुचित समाधान नहीं करने, हीलाहवाली और असंतुष्ट फीडबैक की संख्या बढ़ने के कारण यह कार्रवाई की गई है। सभी पांच उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू की गई है।


कई एसीपी और थाना प्रभारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही के आरोपों को लेकर कई अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। इनमें एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा के साथ सेक्टर-113, बीटा-2 और दादरी थानों के प्रभारी निरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा ओखला, सेक्टर-98, सरस्वती इंक्लेव, कचहरी फेस-2, कलौंदा, सिरसा और शाहबेरी/चिपियाना चौकियों के प्रभारियों के खिलाफ भी जांच संस्थित की गई है। दनकौर थाना क्षेत्र के हल्का-1 और इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के हल्का-3 के प्रभारी भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस के मुताबिक, शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने और उनका उचित समाधान नहीं करने से जुड़े मामलों की जांच की जाएगी।


चोरी और स्नैचिंग की रोकथाम में लापरवाही पर चेतावनी

चोरी, घरों में सेंधमारी, वाहन चोरी और स्नैचिंग जैसे अपराधों की रोकथाम और मामलों में समुचित कार्रवाई नहीं कर पाने को लेकर भी कई चौकी प्रभारियों और हल्का प्रभारियों को चेतावनी दी गई है। इनमें सदरपुर, एनआईबी, झुंडपुरा/गोलचक्कर, ममूरा/गढ़ी चौखंडी, एच ब्लॉक/बहलोलपुर, गौर सिटी-1/2, निराला और चेरी काउंटी क्षेत्रों के चौकी प्रभारी शामिल हैं। इसके अलावा एच्छर/अल्फा, कस्बा दादरी/रेलवे रोड/अजायबपुर और नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के हल्का प्रभारी-2/3 के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि जनशिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *