Noida में बीएसएफ के अश्वनी संस्थान में हुआ संवाद कार्यक्रम, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कही ये बड़ी बात

top-news
नोएडा में 16वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत गुरुवार को एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ये कार्यक्रम बीएसएफ के अश्वनी संस्थान प्रांगण में हुआ।

नोएडा में 16वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत गुरुवार को एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ये कार्यक्रम बीएसएफ के अश्वनी संस्थान प्रांगण में हुआ। जिसमें छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के 220 जनजातीय युवाओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जनजातीय युवाओं से आत्मीय चर्चा की, उनके अनुभवों को जाना और सरकार द्वारा जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। बता दें कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई नेहरू युवा केन्द्र गौतमबुद्धनगर और गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 16वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। 

संवाद सत्र में युवाओं ने साझा किए अनुभव 

संवाद सत्र में युवाओं ने दिल्ली मेट्रो में पहली बार सफर करने, ऐतिहासिक स्थलों – लाल किला, इंडिया गेट, प्रधानमंत्री संग्रहालय आदि का भ्रमण करने और विशेषज्ञों से मिली जानकारी के अनुभवों को साझा किया। छत्तीसगढ़ के जनपद मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी से आए निखिल कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम उनके लिए नए भारत की झलक देखने और विकास की प्रक्रिया को समझने का अवसर साबित हुआ। वहीं छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से फूलमणि कश्यप ने कहा कि वे अपने समुदाय में वापस जाकर इस सीख को साझा करेंगे और समाज के विकास में योगदान देंगे।

"सरकार जनजातीय समाज के उत्थान को कई काम कर रही"

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, डिजिटल सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जनजातीय युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत', 'विकसित भारत' और 'डिजिटल इंडिया' जैसी पहलों के माध्यम से समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने जनजातीय युवाओं संग की चर्चा 

इस कार्यक्रम के दौरान दोपहर के भोजन पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जनजातीय युवाओं के साथ भोजन किया और उनके संघर्षों, विचारों, आकांक्षाओं और विजन पर चर्चा की। इस अनौपचारिक संवाद में युवाओं ने अपनी समस्याओं को साझा किया और सरकार से सहयोग की अपेक्षाओं को व्यक्त किया। अधिकारियों ने उन्हें स्व-रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और अन्य योजनाओं की जानकारी दी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

युवाओं को किया गया प्रेरित 

यह कार्यक्रम न केवल जनजातीय युवाओं को भारत के विकास और नेतृत्व की समझ प्रदान करने का अवसर बना बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर नई सोच और आत्मविश्वास भी दिया। युवा भारत के भविष्य हैं, और इस तरह के कार्यक्रम उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में विवेकानंद यूथ अवॉर्डी अमन कुमार, एपीए फरमूद अख्तर, स्वयंसेवकों में तालिब, प्रकाश, सोनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी 

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में गृह सचिव गोविंद मोहन, संयुक्त सचिव राजीव कुमार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव नीतीश कुमार मिश्र, नेहरू युवा केन्द्र संगठन के संयुक्त निदेशक आर एन त्यागी, नेहरू युवा केन्द्र संगठन उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक महेंद्र सिंह सिसोदिया, नेहरू युवा केन्द्र बागपत के उपनिदेशक अरुण कुमार तिवारी, गौतमबुद्धनगर की जिला युवा अधिकारी स्निग्धा सिंह, बुलंदशहर के जिला युवा अधिकारी आकर्ष दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। युवाओं ने इस संवाद को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव बताया।


यह कार्यक्रम न केवल जनजातीय युवाओं को भारत के विकास और नेतृत्व की समझ प्रदान करने का अवसर बना बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर नई सोच और आत्मविश्वास भी दिया। युवा भारत के भविष्य हैं, और इस तरह के कार्यक्रम उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में विवेकानंद यूथ अवॉर्डी अमन कुमार, एपीए फरमूद अख्तर, स्वयंसेवकों में तालिब, प्रकाश, सोनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *