आज WPL का आठवां मुकाबला, इस सीजन में पहली बार MI से भिड़ेगी UPW, अपनी पहली जीत के लिए जी-जान से खेलेगी यूपी
- Shiv Kumar
- 15 Jan, 2026
WPL-2026 का आठवां मुकाबला आज मुंबई इंडियंस (MI) और यूपी वॉरियर्स (UPW) के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आमने-सामने होंगी, लेकिन मौजूदा फॉर्म में मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। MI ने अब तक खेले गए 3 मैचों में 2 जीत दर्ज की हैं, जबकि यूपी वॉरियर्स को अपने दोनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। पॉइंट्स टेबल में मुंबई दूसरे स्थान पर है, वहीं यूपी वॉरियर्स आखिरी यानी पांचवें पायदान पर मौजूद है। ऐसे में यह मुकाबला यूपी के लिए वापसी का बड़ा मौका माना जा रहा है।
हेड टू हेड में मुंबई का दबदबा
अगर दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड की बात करें तो यहां भी मुंबई इंडियंस साफ तौर पर आगे है। अब तक MI और UPW के बीच कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 5 में मुंबई को जीत मिली है, जबकि यूपी वॉरियर्स सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है। इस आंकड़े से साफ है कि मुंबई इंडियंस ने हर बार यूपी वॉरियर्स पर मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाए रखी है। हालांकि, क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और यूपी वॉरियर्स आज नए संयोजन और रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है।
हरमनप्रीत कौर बनाम लिचफील्ड की टक्कर
इस मुकाबले में सभी की नजरें मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर होंगी। WPL-2026 में उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी करते हुए 3 मैचों में 165 रन बनाए हैं। इसमें नाबाद 74 रन की पारी भी शामिल है। हरमनप्रीत ने इस सीजन 2 अर्धशतक लगाए हैं और फिलहाल टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में अमीलिया कर ने भी प्रभावित किया है, जिन्होंने 3 मैचों में 6 विकेट झटके हैं। वहीं, यूपी वॉरियर्स की ओर से बल्लेबाजी का जिम्मा फीबी लिचफील्ड के कंधों पर होगा। उन्होंने 2 मैचों में 98 रन बनाए हैं, जिसमें 78 रन की शानदार पारी शामिल है। गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन से टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी, हालांकि अब तक वह 2 मैचों में सिर्फ 2 विकेट ही ले सकी हैं।
पिच और मौसम निभाएंगे अहम भूमिका
डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बैटिंग फ्रेंडली माना जाता है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिलती है, लेकिन बाद में बल्लेबाज खुलकर रन बनाते हैं। नाइट मैच होने के कारण ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। मौसम साफ रहने की संभावना है। तापमान 31 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और हवा की रफ्तार करीब 11 किमी प्रति घंटे होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






