टी-20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश बाहर हुआ तो पाकिस्तान भी नहीं खेलेगा टूर्मनामेंट? PCB से आया ये बड़ा अपडेट!
- Shiv Kumar
- 20 Jan, 2026
टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार फिर सियासी और कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। अगर टूर्नामेंट से बांग्लादेश को बाहर किया जाता है, तो पाकिस्तान भी टी-20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले सकता है। यह दावा पाकिस्तान के प्रमुख न्यूज चैनल जियो न्यूज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सूत्रों के हवाले से किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस संभावित स्थिति को देखते हुए PCB ने टूर्नामेंट से जुड़ी अपनी तैयारियां फिलहाल रोक दी हैं और टीम मैनेजमेंट को वैकल्पिक योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक न तो PCB और न ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
PCB ने क्यों रोकी वर्ल्ड कप की तैयारियां
जियो न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि PCB हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। बोर्ड को आशंका है कि अगर बांग्लादेश को सुरक्षा या अन्य कारणों से वर्ल्ड कप से बाहर किया गया, तो इससे टूर्नामेंट की निष्पक्षता और क्षेत्रीय संतुलन प्रभावित होगा। इसी वजह से PCB ने अपने अधिकारियों और टीम प्रबंधन से कहा है कि वे सब्सटिट्यूट प्लान तैयार रखें। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड किसी भी अचानक फैसले की स्थिति में खुद को तैयार रखना चाहता है, ताकि खिलाड़ियों और बोर्ड के हित सुरक्षित रह सकें।
मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ा तनाव
पूरा विवाद उस वक्त और गहराया जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से रिलीज कर दिया। इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और वहां की सरकार नाराज हो गई। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत में होने वाले मैचों और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने BCB को 21 जनवरी तक यह स्पष्ट करने को कहा है कि उसकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी या नहीं। इससे पहले 17 जनवरी को ढाका में हुई बैठक में ICC ने बांग्लादेश की ग्रुप बदलने की मांग को खारिज कर दिया था। बांग्लादेश बोर्ड चाहता था कि उसे ग्रुप-सी की बजाय ग्रुप-बी में रखा जाए, ताकि उसके सभी मुकाबले श्रीलंका में हो सकें और सुरक्षा व यात्रा से जुड़ी चिंताएं कम हों। ICC ने हालांकि यह भरोसा दिलाया कि बांग्लादेशी टीम को कोई विशेष सुरक्षा खतरा नहीं है।
वर्ल्ड कप शेड्यूल और आगे की स्थिति
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम का पहला मुकाबला 7 फरवरी को वेस्टइंडीज से, 9 फरवरी को इटली से और 14 फरवरी को इंग्लैंड से होना है। ये सभी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं, जबकि 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मैच मुंबई में प्रस्तावित है। अब सभी की निगाहें ICC और संबंधित बोर्डों के अगले फैसले पर टिकी हैं, क्योंकि किसी एक देश के हटने से पूरे टूर्नामेंट की तस्वीर बदल सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






