भारत-BCCI से रिश्ते सुधारना चाहता है बांग्लादेश, नए खेल मंत्री बोले- पड़ोसी देशों से दोस्ताना रिश्तों की मंशा

top-news
बांग्लादेश के खेल मंत्री अमीनुल हक ने BCCI और भारत से रिश्ते सुधारने की इच्छा जताई है। टी-20 वर्ल्ड कप और IPL विवाद के बाद दोनों देशों के क्रिकेट संबंध तनाव में हैं। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था।

बांग्लादेश के नए खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारत और BCCI के साथ क्रिकेट संबंधों को बेहतर बनाने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि वे लंबित मुद्दों को बातचीत के जरिए जल्द सुलझाना चाहते हैं। शपथ लेने के बाद उन्होंने संसद भवन में भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर से मुलाकात कर टी-20 वर्ल्ड कप से जुड़े मसले पर चर्चा की। हक ने कहा कि बांग्लादेश अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना रिश्ते बनाए रखना चाहता है।


टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने पर विवाद

इस टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मुकाबले मुंबई और कोलकाता में प्रस्तावित थे। हालांकि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम ने भारत दौरे पर आने से इनकार कर दिया। इसके बाद International Cricket Council (ICC) ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला किया।

पूर्व खेल मंत्री आसिफ नजरुल ने भी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। उनका कहना था कि टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि है।


मुस्तफिजुर और IPL विवाद

मामले की जड़ बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ी है। IPL मिनी ऑक्शन में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया। इस मुद्दे को बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों ने भी उठाया। इसके जवाब में बांग्लादेश में IPL प्रसारण पर रोक लगा दी गई और भारत में वर्ल्ड कप खेलने को लेकर आपत्ति जताई गई।


पीएम मोदी और तारिक रहमान की बातचीत

13 फरवरी को नरेंद्र मोदी और तारिक रहमान के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने रहमान को जीत की बधाई देते हुए दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों पर साथ काम करने की बात कही। BNP ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस संदेश के लिए धन्यवाद दिया और आपसी सम्मान व क्षेत्रीय स्थिरता की प्रतिबद्धता दोहराई।

अब देखना होगा कि खेल कूटनीति के जरिए दोनों देशों के क्रिकेट संबंध किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *