टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के टिकट बिकने शुरू, पाक की जीत-हार तय करेगी मैच की फाइनल जगह, वेन्यू चेंज हुआ तो रिफंड होगा पैसा
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के टिकट मंगलवार, 24 फरवरी को शाम 7 बजे (IST) से बिक्री के लिए उपलब्ध हो गए हैं। फैंस आधिकारिक वेबसाइट tickets.t20worldcup.com के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। 4 मार्च को पहला सेमीफाइनल, 5 मार्च को दूसरा सेमीफाइनल और 8 मार्च को फाइनल मैच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों में इन बड़े मुकाबलों को लेकर जबरदस्त उत्साह है, हालांकि पहले सेमीफाइनल और फाइनल के वेन्यू को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। आईसीसी ने टीमों के क्वालिफिकेशन के आधार पर वेन्यू तय करने का फैसला किया है।
पहले सेमीफाइनल के वेन्यू पर सस्पेंस
पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, लेकिन इसका वेन्यू टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। मुकाबला या तो आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में होगा या ईडन गार्डन्स, कोलकाता में। यदि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है तो वह कोलंबो में खेलेगा। अगर पाकिस्तान क्वालिफाई नहीं करता, लेकिन श्रीलंका पहुंचता है और उसका मुकाबला भारत से नहीं होता, तब भी मैच कोलंबो में होगा। अन्य परिस्थितियों में यह मैच कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेला जाना तय है।
फाइनल के लिए कोलंबो या अहमदाबाद विकल्प
टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है तो खिताबी मुकाबला कोलंबो में होगा। वहीं, पाकिस्तान के बाहर होने की स्थिति में फाइनल नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी दर्शक ने ऐसे वेन्यू का टिकट खरीदा है जहां अंततः मैच आयोजित नहीं होता, तो उसे पूरा रिफंड दिया जाएगा। टिकट बुकिंग सभी श्रेणियों के लिए शुरू हो चुकी है और फैंस आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी सीट सुरक्षित कर सकते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






