T-20 वर्ल्ड कप: दूसरा सेमीफाइनल मैच आज, वानखेड़े में भिड़ेंगी भारत और इंग्लैंड की टीमें, जीतने वाली टीम का न्यूजीलैंड से होगा फाइनल मुकाबला
- Shiv Kumar
- 05 Mar, 2026
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर टिकी हुई हैं, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। ऐसे में अब भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला यह मैच फाइनल का रास्ता तय करेगा। दोनों टीमें मजबूत हैं और पिछले कुछ सालों में कई बार बड़े मुकाबलों में आमने-सामने आ चुकी हैं। न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में शानदार जगह बना ली। कोलकाता के इडेन गार्डेन्स में बुधवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी दिखाई। टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज़ी से रन बनाते हुए शतकीय साझेदारी कर मैच को पूरी तरह न्यूजीलैंड की पकड़ में ला दिया। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज बेअसर नजर आए। न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर 173 रन बनाते हुए मुकाबला आसानी से जीत लिया। इस जीत के साथ टीम ने टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह पक्की कर ली।
सेमीफाइनल में तीसरी बार आमने-सामने
भारत और इंग्लैंड की टीमें टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार भिड़ रही हैं। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों के बीच सेमीफाइनल खेले गए थे, जिनमें एक-एक मैच दोनों टीमों ने जीता था। खास बात यह रही कि उन दोनों मौकों पर सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने फाइनल भी अपने नाम किया था। भारतीय टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में भी टीम अंतिम चार में जगह बना चुकी है। इनमें से तीन बार भारत ने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश किया था। दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रही है और उसने अब तक तीन बार इस चरण को पार किया है। दोनों टीमों के बीच अब तक 29 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं।
फॉर्म में सूर्या और ब्रूक, पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल
मौजूदा टूर्नामेंट में भारत के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार लय में नजर आए हैं। उन्होंने सात मैचों में 231 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सात मैचों में 12 विकेट झटके हैं। वहीं इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक इस वर्ल्ड कप में सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने सात मैचों में 228 रन बनाए हैं, जबकि आदिल रशीद ने गेंदबाजी में 11 विकेट लेकर टीम को कई अहम सफलताएं दिलाई हैं। वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है और यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। साफ मौसम और ओस की संभावना के कारण टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
रिजर्व डे भी रखा गया, मौसम साफ रहने की उम्मीद
मुंबई में गुरुवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। फिर भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एहतियात के तौर पर सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है। यदि किसी कारणवश 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो 6 मार्च को रिजर्व डे पर मुकाबला कराया जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी और वानखेड़े स्टेडियम में एक यादगार मुकाबला खेला जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






