T-20 वर्ल्ड कप 2026 भारत ने उड़ा दिया गर्दा, न्यूजीलैंड को दिया 256 रनों का टारगेट, सैमसन, अभिषेक और किशन ने गेंदबाजों को पिला दिया पानी

top-news
टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की धमाकेदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया है।

टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाते हुए रन बरसाए। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। खास बात यह रही कि इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने 19 चौके और 18 छक्के लगाए। टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर 176 रन का था।


सैमसन, अभिषेक और ईशान की धमाकेदार पारियां

भारतीय टीम को तेज शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके-छक्के देखने को मिले। सैमसन ने इस पारी के साथ टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया और वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स के 85 रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ईशान किशन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। इन तीनों बल्लेबाजों की तेज पारियों के दम पर भारतीय टीम ने सिर्फ 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था और न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में नजर आए।


नीशाम के ओवर ने बदली मैच की रफ्तार

जब ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 270 से ज्यादा का स्कोर बना सकती है, तभी 16वें ओवर में न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जिमी नीशाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच की रफ्तार थोड़ी बदल दी। उन्होंने इसी ओवर में तीन बड़े विकेट झटक लिए।

ओवर की पहली गेंद पर संजू सैमसन 89 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन भी 54 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए। इस ओवर में सिर्फ 1 रन बना और भारत को तीन बड़े झटके लगे। हालांकि इसके बाद हार्दिक पंड्या और बाकी बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में रन गति बनाए रखने की कोशिश की। आखिरी ओवर में भारतीय टीम ने 24 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल रहे। हार्दिक पंड्या 13 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।


भारतीय पारी में बने कई बड़े रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने इस मैच में कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। टीम ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज 100 रन का रिकॉर्ड है। इसके अलावा पावरप्ले में भारत ने बिना विकेट खोए 92 रन बनाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बन गया। अब न्यूजीलैंड को खिताब जीतने के लिए 20 ओवर में 256 रन बनाने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *