T-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने रच दिया इतिहास, लगातार तीसरी बार बना विश्व चैंपियन, 96 रनों से न्यूजीलैंड को हराया, अहमदाबाद में तिरंगा लहराया
- Shiv Kumar
- 08 Mar, 2026
अहमदाबाद। भारत ने क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ते हुए न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी–20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 255 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी–20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी बन गया। खास बात यह भी रही कि टी–20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार किसी मेजबान टीम ने खिताब जीता है। पूरे मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह देखने लायक था और जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया।
भारतीय बल्लेबाजों ने फाइनल में बनाया रिकॉर्ड स्कोर
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने 52 रन और ईशान किशन ने 54 रन की तेज पारियां खेलीं। इन तीनों बल्लेबाजों की बदौलत भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोक दिए। इस तरह टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर हुई न्यूजीलैंड टीम
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। हालांकि टिम साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर न्यूजीलैंड को मैच में वापसी का मौका नहीं दिया। आखिरकार पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने मुकाबला बड़े अंतर से जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। यह टी–20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के लिहाज से न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई। भारत की इस शानदार जीत के बाद खिलाड़ियों और फैंस के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






